उत्तरप्रदेश- यूपी सरकार ने आगरा नगर निगम में बाबा साहेब डॉ. भीम राव आंबेडकर की एक प्रतिमा हटाकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगाने का आदेश दिया है। सरकार ने यह आदेश बीजेपी विधायक जगन प्रसाद गर्ग के उस पत्र पर दिया है जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आग्रह किया था कि परिसर में डॉ. आंबेडकर की दो मूर्तियां लगी हैं। इनमें से एक को बदलकर वहां भारतीय जन संघ के नायक और समाज सेवक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा लगनी चाहिए।
उपनिदेशक अजय कुमार अग्रवाल के दस्तखत वाले आदेश में कहा गया है कि अगर प्रतिमा बदलने पर कोई बवाल होता है तो आगरा जिला प्रशासन और एसएसपी कानून-व्यवस्था को संभालेंगे।
स्थानीय एमएलए के पत्र पर प्रतिमा बदलने के आदेश का दलित पार्षदों ने विरोध किया है। रतनपुरा सुरक्षित सीट से पार्षद धर्मवीर सिंह ने कहा कि अगर वहां प्रतिमा बदली गई तो दलित समुदाय सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेगा। बसपा की आगरा इकाई के जिलाध्यक्ष भारतेंदु अरुण ने कहा कि सरकार के ऐसा करने से सामाजिक अंतर और बढ़ेगा और गंभीर परिणाम होंगे। नगर निगम को इसका विरोध करना चाहिए। इस बीच आगरा नगर निगम के कमिश्नर अरुण प्रकाश ने कहा कि प्रतिभा नगर निगम सदन में मेयर और पार्षदों से चर्चा के बाद ही बदली जाएगी।